सैनी कोतवाली क्षेत्र के मधवामई गांव के एक अधेड़ ने बुधवार की रात फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह अधेड़ की लाश घर के भीतर कमरे में चुल्ले के सहारे लटकती मिली। अधेड़ का शव देख परिवार के लोग चीख पड़े। चर्चा है कि आर्थिक तंगी से परेशान होने के बाद अधेड़ ने आत्मघाती कदम उठाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के मधवामई गांव निवासी मूलचंद्र्र (45) पुत्र छोटेलाल का 20 बरस पहले मुंबई में कारोबार चलता था। कारोबार चौपट होने के बाद वह सात साल पहले गांव चला आया और परिवार के साथ रहने लगा। बताया जा रहा है कि मुंबई से लौटने के बाद वह बिल्कुल टूट चुका था। तीन बेटी, एक बेटे और पत्नी के साथ खुद के भरण-पोषण का बोझ उठाने में असमर्थ हो गया। कुछ दिन से वह बिल्कुल गुमसुम रह रहा था। पत्नी मुन्नी देवी ने बताया कि बुधवार की रात करीब 12 बजे वह छत से नीचे उतर गए। इसके बाद सुबह लाश बंद कमरे में फंदे से लटकती मिली।
पड़ोसी के घर चीत्कार सुन मोहल्ले के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।