पूरामुफ्ती के बसेढ़ी में बुधवार को छात्रा ने फांसी नहीं लगाई थी, बल्कि उसे फांसी के फंदे पर लटकाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट यही इशारा कर रही है। गुरुवार को पोस्टमार्टम हुआ तो चौंकाने वाले तथ्यों की जानकारी हुई। इससे पूरामुफ्ती थाने की पुलिस की निगाह परिजनों पर ही तिरछी हो गई है।
कक्षा 11 में पढ़ने वाली बसेढ़ी गांव की एक छात्रा की लाश बुधवार दोपहर को उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटकती मिली थी। दुपट्टे से छत के चुल्ले में फांसी लगी थी। छोटे भाई की सूचना पर घर आए मां-बाप ने पुलिस को बताया कि छात्रा ने आत्महत्या की है। वह मोबाइल पर बातचीत कर रही थी, इसलिए उसको डांटा गया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेज दिया था। गुरुवार को पीएम हुआ तो चौंकाने वाली जानकारियां मिली।
डॉक्टरों ने पीएम रिपोर्ट में सपोकेशन से मौत होने का जिक्र किया। इसके अलावा रेप की भी पुष्टि हुई है। पीएम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया है कि छात्रा के साथ कुछ तो अनहोनी हुई है। परिजन मौत की जो वजह बता रहे हैं, उसमें सच्चाई नहीं है। ऑनर किलिंग की संभावनाएं बढ़ गई है। हालांकि पूरामुफ्ती एसओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं है। छात्रा ने आत्महत्या की है। अभी उन्होंने पीएम रिपोर्ट नहीं देखी है।