सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के चर्चित कल्पना हत्याकांड में सोमवार को नया मोड़ आ गया। कल्पना के प्रेमी ने परिजनों संग एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। मृतका के परिवार वालों पर ऑनर किलिंग का इल्जाम लगाते हुए कप्तान को शिकायती पत्र दिया। इस पत्र में उसने प्रेम कहानी भी लिखी है। साथ ही चाचा को फर्जी जेल भेजने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी इस प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
सरायअकिल क्षेत्र के गौरा गांव निवासी कल्पना की आठ अगस्त को हत्या कर दी गई थी। अगले दिन नलकूप में उसकी लाश मिली थी। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस की जांच के दौरान मृतका के प्रेमी गोरेलाल, उसके चाचा देवराज व एक अन्य व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने आरोपी देवराज को हफ्ते भर पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। इसके बाद सोमवार को कल्पना के प्रेमी गोरेलाल ने परिवार वालों के साथ एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि कल्पना और उसके बीच अटूट प्रेम था। इसकी जानकारी पूरे गांव को है। इज्जत की खातिर परिजनों ने ही कल्पना को मौत के घाट उतारा है। गोरेलाल ने कल्पना से फोन पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी सुरक्षित रखे होने की बात बताई। चूंकि वह आरोपी है। इसलिए पुलिस ने उसे प्रदर्शन के दौरान ही गिरफ्तार कर लिया। यह देख साथ आए परिजन बिफर पड़े और चीखने-चिल्लाने लगे। पुलिस वालों ने किसी तरह उन्हें घर भेजा। मामले में सरायअकिल कोतवाली प्रभारी अमिताभ सिंह ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त को पूछताछ के बाद जेल भेजा जाएगा। फरार एक आरोपी की तलाश की जा रही है।