हाईकोर्ट इलाहाबाद में तैनात सेक्शन अफसर ओमप्रकाश की सोमवार की सुबह ट्रेन की टक्कर लगने से मौत हो गई। सुबह वह घर से टहलने के लिए निकले थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के साथ पूरामुुफ्ती पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आफीसर की मौत से परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मनौरी बाजार निवासी ओम प्रकाश (50) पुत्र राम खेलावन हाईकोर्ट इलाहाबाद में सेक्शन अफसर पद पर तैनात थे। सोमवार की सुबह वह रोज की तरह मार्निंग वॉक करने के लिए निकले थे। कुसवां रेलवे क्रासिंग के समीप ट्रैक पार करते हुए वह एक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में आफीसर की मौके पर मौत हो गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान करने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। सेक्सन आफीसर के मौत की खबर सुनते ही घर परिवार के लोग भागकर घटनास्थल पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई आफीसर की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।