सैनी क्षेत्र के गंगा के तराई में आबाद एक गांव अति संवेदनशील माना जाता है। इस गांव में आए दिन किसी ने किसी न किसी बात को लेकर बखेड़ा खड़ा होता रहता है। ताजे घटनाक्रम में बताते हैं कि मंगलवार की रात एक दलित जाति की अधेड़ उम्र की महिला शौच को गई थी। महिला का आरोप है कि उसे चार लोगों ने तमंचे के नोक पर पकड़ लिया। सुनसान खेत में उसके साथ दुराचार किया गया। वह जंगल में मदद के लिए शोर मचाती रही। पर, मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। महिला ने घर आकर आप बीती सुनाई तो एकाएक ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
सैकड़ों की संख्या में लाठी-डंडे से लैश होकर ग्रामीण रात के अंधेरे में आरोपियों को खोजने चल पड़े। जानकारों का कहना है कि ग्रामीणाें ने जंगल में अवैध असलहों से कई राउंड फायर भी किया। गांव में बवाल होने की सूचना पर अलीपुरजीता चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। सूचना पर सीओ सिराथू जर्नादन तिवारी और इंसपेक्टर सैनी दिनेश सिंह भी गांव पहुंच गए। पुलिस ने घटना की छानबीन करने के बाद विपक्षियों को फंसाने के लिए सोची-समझी चाल करार दिया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि कुछ दिन पूर्व एक आरोपी ने दलित महिला पर चोरी का आरोप लगाया था। इसका बदला लेने के लिए फर्जी कहानी गढ़ी जा रही है।