पूरामुफ्ती के महगांव निवासी एक बेरोजगार युवक को सऊदीअरब का फर्जी वीजा देकर शातिर ने 90 हजार रुपये ऐंठ लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। मंगलवार को पीड़ित ने थाने पहुंच पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सीओ चायल को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने प्रकरण की जांच शुरू करा दी।
पूरामुफ्ती कोतवाली के महगांव का रहने वाला अनस पुत्र रईस अहमद एक बेरोजगार युवक है। इलाहाबाद के एक शातिर ने साल भर पहले उसे सऊदीअरब में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। युवक को झांसे में लेने के बाद शातिर ने उसके पिता से 90 हजार रुपये ले लिए।
रकम लेने के बाद महीने भर पहले युवक को सऊदीअरब का फर्जी वीजा और एयर टिकट थमा दिया। वीजा और टिकट लेने के बाद युवक इलाहाबाद पहुंचा और ट्रवेल्स एजेंसी में चेक कराया तो बताया गया वीजा और टिकट दोनों फर्जी हैं। घर लौटे युवक ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। युवक ने एजेंट से पैसा वापस करने को कहा तो हीलाहवाली करने लगा।
दो दिन पहले भुक्तभोगी ने दोबारा पैसा मांगा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। मंगलवार को थाने पहुंचकर भुक्तभोगी ने मामले की शिकायत पुलिस से की। आरोप है पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलते देख पीड़ित ने बुधवार को सीओ चायल से शिकायत की। सीओ ने पूरामुफ्ती पुलिस से प्रकरण की जांच शुरू करा दी है।