कानपुर-वाराणसी हाईवे पर कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया पेट्रोल पंप के पास रविवार सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। रोडवेज की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। घटना से गुस्साए लोगों ने शव हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने समझाबुझाकर चक्काजाम जाम समाप्त कराया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई।
कोखराज थाना क्षेत्र के विदनपुर गांव निवासी शिक्षक प्रवेश कुमार (35) पुत्र शेष राम विश्वकर्मा कसिया स्थित पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने बाइक से जा रहे थे। वह जैसे ही पेट्रोल पंप की ओर मुड़े तभी तेज रफ्तार से आई रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दिया। बस की टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर फिसल कर गिर पड़ी। सड़क पर गिरने से प्रवेश के सिर में चोट आई। खून से लथपथ प्रवेश तड़पने लगा। इस दौरान चालक बस लेकर भाग निकला।
कुछ देर में वहां भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। युवक पास का ही रहने वाला था। ऐसे में तमाम लोगों ने उसे पहचान लिया। सूचना पर परिजन आ गए। सूचना पर काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस बीच प्रवेश ने दम तोड़ दिया। जिससे आक्रोशित लोगों ने शव हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया।