बेनी राम कटरा में स्थित अस्पताल में बुधवार को महिला की मौत के बाद गुरुवार को भी परिजनों ने हंगामा किया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर परिजन बेनीराम कटरा आ रहे थे। पुलिस ने मायाराम का पुरवा के समीप रोक लिया तो ग्रामीणों ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। चायल विधायक व एसडीएम के समझाने पर परिजन शव लेकर वापस गए और अंतिम संस्कार किया। विधायक ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी दी है।
जलालपुर शाना की अनीता (30) गंभीर रूप से बीमार थी। बेनीराम कटरा में स्थित नवजीवन हास्पिटल में डॉक्टर एसएस सिद्दीकी ने उसका आपरेशन किया था। हालत में सुधार न होने पर उसे इलाहाबाद रेफर किया गया था। बुधवार को अनीता को दोबारा उसका पति बब्लू लेकर नवजीवन हॉस्पिटल पहुंचा। जहां इंजेक्शन लगाने के बाद अनीता की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने जमकर तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार को परिजन शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। इसी दौरान लोग दोबारा भड़क गए वह शव लेकर बेनीराम कटरा आ रहे थे।
सूचना पर सरायअकिल एसओ राकेश सरोज हमराहियों के साथ मायाराम का पुरवा पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच चायल के बसपा विधायक आसिफ जाफरी, भाजपा नेता हनुमानदास, घनश्याम आदि लोग वहां पहुंच गए। जानकारी होने पर एसडीएम चायल अश्वनी कुमार श्रीवास्तव भी पहुंच गए। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को पट्टा देने का आश्वासन दिया। वहीं विधायक ने 50 हजार रुपया देने की बात कही। नगद दस हजार रुपया दिया। इसके बाद शव लेकर लोग वापस गए।