करारी थाना क्षेत्र के संवरों गांव के सामने हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई है, जबकि उसका साथी घायल हो गया है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर पर जिला अस्पताल आए परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
अगियौना निवासी मद्धू (25) निवासी अगियौना अपने साथी जितेंद्र कुमार के साथ सरायअकिल की ओर से गुरुवार की शाम करीब सात बजे बाइक से वापस आ रहा था। संवरों गांव के सामने एक अज्ञात वाहन की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में मद्धू व जितेंद्र कुमार को गंभीर चोटें आईं। गांव के लोगाें ने सूचना पुलिस को दी। एंबुलेंस से मद्धू व जितेंद्र को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टराें ने मद्धू को मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र का इलाज चल रहा है। हादसे की खबर पर आए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।