कानपुर-इलाहाबाद हाईवे पर शनिवार की सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक सैनी कोतवाली के बारा हवेली खालसा गांव का रहने वाला था। सुबह वह बाइक से इलाहाबाद जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। रोते-बिलखते घर वाले घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बारा हवेली खालसा गांव निवासी तौफीक अहमद (20) शनिवार की सुबह बाइक से इलाहाबाद शहर जाने के लिए निकला था। हाईवे पर पूरामुफ्ती के काजीपुर गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से वह बाइक समेत सड़क किनारे चिटक गया। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में जख्मी युवक को मूरतगंज सीएचसी लेकर पहुंची। जब तक डॉक्टर उसका इलाज शुरू करते युवक की सांसे थम चुकी थी।
बाइक के कागजात से युवक की शिनाख्त करने के बाद पुलिस घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।