मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता के साथ सोमवार रात पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर दुराचार किया। विरोध करने पर तमंचे की बट से उसकी पिटाई भी की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
महेवाघाट इलाके की महिला ने बताया कि सोमवार रात वह घर पर अकेली थी। परिवार के सदस्य कहीं बाहर गए थे। इस दौरान पड़ोसी युवक दीवार फांदकर भीतर घुस आया। कनपटी पर तमंचा सटाकर उसने दरिंदगी की। चीखने-चिल्लाने पर तमंचे की बट से पीटकर सिर फोड़ दिया।
इसके बाद कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घटना से डरी-सहमी पीड़ित महिला ने फोन करके आपबीती पति को बताई तो उसके होश उड़ गए। पति के लौटने के बाद पीड़िता ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में महेवाघाट इंस्पेक्टर अजीत कुमार पांडेय का कहना है कि आरोपी की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा।