चरवा थाने के सामने से सोमवार दोपहर एक कारोबारी के अपहरण की कोशिश की गई। मारपीट कर युवक उसको स्कॉर्पियो में भरकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान चरवा थाने की पुलिस ने घेरकर युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
समसपुर निवासी राजू पाल पुत्र रामजस पाल ने चरवा थाने के सामने गुमटी खोल रखी है। पान के साथ चाय आदि भी बेचता है। हाल ही में राजू पाल का पत्नी ममता से विवाद हो गया था। ममता नाराज होकर अपने मायके शुक्लपुर कोखराज चली गई है। सोमवार दोपहर राजू पाल अपनी दुकान में बैठा था। इसी दौरा स्कॉर्पियो से आए आधा दर्जन युवकों ने राजू को दुकान से खींचकर बाहर निकाला और पीटना शुरू कर दिया।
घायल करने के बाद वह उसे स्कॉर्पियो में लादकर ले जाने की कोशिश करने लगे। थाने के बाहर खड़े लोगों ने शोर मचाया तो सिपाही दौड़कर आए। युवकों को सिपाहियों ने दबोच लिया। स्कॉर्पियो को थाने में खड़ी कराकर चरवा पुलिस युवकों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में पता चला है कि राजू पाल को पकड़ने आए युवक उसकी ससुराल के हैं। सीओ चायल रामभवन यादव का कहना है कि पूछताछ की जा रही है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।