सरकारी कार्यालय में घुसकर महिला कर्मचारी से छेड़खानी तथा स्टाफ की पिटाई करने के मामले में केस दर्ज हो गया है। कार्यालय प्रभारी की तहरीर पर दो नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर लिखने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र स्थित कार्यालय के प्रभारी ने बताया कि बिसारा गांव का एक युवक बुधवार शाम दफ्तर में बैठकर फोन पर किसी से अश्लील बातें कर रहा था।
वह महिला कर्मचारी को भी बुरी नीयत से घूरकर देख रहा था। विरोध करने पर उसने महिला कर्मी से अभद्रता की। ऐतराज जताने पर साथियों संग मिलकर महिला कर्मचारी के साथ स्टाफ के चार सदस्यों को भी पीटा। कार्यालय प्रभारी ने घटना के बाद रात को ही पुलिस को तहरीर दे दी थी। उधर, प्रकरण की जानकारी होने के बाद चायल विधायक संजय गुप्ता भी बिफर पड़े। उन्होंने कार्रवाई के लिए फोन पर एसपी से बातचीत की। इसके बाद एसपी के निर्देश पर तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर राकेश सरोज का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।