मंझनपुर। कानपुर जिले के सुनधैला गांव के गुलाम ने निकाह से पहले मौत कुबूल किया। बृहस्पतिवार को पुलिस कस्टडी में उसने फंदे से लटक अपनी जान दे दी। आज से ठीक एक महीने बाद 11 अक्तूबर को उसके सिर पर गुलाब का सेहरा बंधना था। रिश्ता तय होने के बाद परिजन निकाह की तैयारी में जुटे थे। बुधवार की सुबह गिरफ्तारी इसके बाद शु्क्रवार की सुबह मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। युवक ने पुलिस की प्रताड़ना से खुदकुशी का रास्ता चुना या फिर लोगों के ताने से। इन्हीं बातों को लेकर दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
पुलिस कस्टडी में कानपुर जिले के सुनधैला गांव का रहने वाला गुलाम अहमद पुत्र अब्दुल सलाम टेंपो चलाकर परिवार की जीविका चलाता था। छह भाईयों के बीच पांचवें नंबर का गुलाम टेंपो चालक से लुटेरा बन गया। परिजनों को गुमराह करके वह संगीन वारदातें अंजाम देने लगा। इधर क़ुछ दिन पहले युवक की आदतों में सुधार लाने के लिए परिजनों ने नजफगंज कानपुर की रहने वाली साजिया बेगम से उसका निकाह तय कर दिया। 11 अक्तूबर को गुलाम के सिर पर सेहरा बंधना था। परिजन निकाह की तैयारी में मशगूल थे।
बुधवार की सुबह वह टेंपो लेकर रामाबाई चौराहे पर पहुंचा तभी कोखराज के मूरतगंज चौकी में तैनात उपनिरीक्षक नागेश सिंह ने गुलाम को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उसे कोखराज थाने के लॅाकप में डाल दिया। बुधवार दोपहर देवर के जेल जाने की खबर भाभी रेशमा परवीन पत्नी अब्दुल वहाब को मिली तो वह उससे मिलने थाने आई। इसके बाद बृहस्पतिवार की रात गुलाम खुद की बनियान से रस्सी बना फंदे से झूल गया। गुलाम ने निकाह से पहले मौत को क्यों गले लगाया इसे लेकर परिजनों के साथ पुलिस भी हैरान है। भाभी के ताने या फिर जेल जाने के खौफ ने उसे मौत को गले लगाने के लिए मजबूर किया। पुलिस कस्टडी में हुई युवक की मौत को लेकर दिन भर तमाम तरह की चर्चाएं होती रहीं।
पुलिस कस्टडी में हुई लुटेरे गुलाम की मौत में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राज्य मानवाधिकार आयोग, डीजी कंट्रोल, प्रमुख सचिव गृह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, जिला मजिस्ट्रेट, जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजी है।
कानपुर जिले के सुनधैला गांव का गुलाम अहमद उर्फ बोतल टेंपो चालक से लुटेरा बन गया और पांच युवकों का गिरोह बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने लगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुलाब के खिलाफ चकेरी, घाटमपुर समेत कई थानों में लूट और गैंगेस्टर के मामले दर्ज हैं।