दोआबा में हो रहे देशी-विदेशी शराब के अवैध कारोबार पर खाकी शिकंजा कसेगी। सरकारी मदिरा की दुकानों के आड़ में गोरखधंधा करने वाले माफिया को भी चिह्नित किया जा रहा है। आबकारी आयुक्त ने पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की। पुलिस महानिरीक्षक का फरमान मिलते ही एसपी ने सभी थानेदारों को सघन अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
जिले में सरहद पार से अवैध तरीके से देशी-विदेशी मदिरा की खेप लाकर यहां खपाई जाती है। यह धंधा सरकारी शराब की दुकान के आड़ में संचालित किया जा रहा है। दोआबा में चल रहे काले कारोबार को रोकने के लिए आबकारी आयुक्त भवनाथ ने पुलिस अफसरों के साथ रणनीति तैयार की। पुलिस महानिरीक्षक ने कौशांबी एसपी को पत्र भेज कार्रवाई का फरमान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र ने सभी थानेदारों को सघन अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
उठान-बिक्र ी रजिस्टर का होगा मिलान
देशी और विदेशी शराब की दुकानों में किस महीने सरकारी गोदाम से कितना उठान हुआ। इसके सापेक्ष कितनी बिक्री की गई। पुलिस और आबकारी टीम दुकानों के उठान और बिक्री रजिस्टर का मिलान कराएगी। इस दौरान खामियां मिलने पर दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कौशांबी के एक दर्जन शराब कारोबारी चिन्हित
आबकारी विभाग ने अफसरों की हिदायत के बाद कौशांबी के एक दर्जन ऐसे माफियाओं को चिन्हित किया है। इनमें वहीं लोग शामिल है जो सरहद पार से आने वाली देशी-विदेशी मदिरा को ठिकाने लगाकर गांव-गांव बिक्री कर रहे थे।