बेनीराम कटरा में स्थित नव जीवन हॉस्पिटल में अनीता देवी (30) का बुधवार को ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने हंगामा करते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कर्मचारियों से भिड़ने की कोशिश की तो वह जान बचाकर भाग निकले। सूचना पर सरायअकिल थाने की फोर्स पहुंची तो मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जलालपुर शाना की अनीता देवी का बेनीराम कटरा में स्थित नवजीवन हास्पिटल में आठ सितंबर को ऑपरेशन हुआ था। दूसरे दिन हालत खराब होने पर उसे इलाहाबाद के एक निजी नर्सिंगहोम रेफर कर दिया गया। यहां भी तबियत में सुधार नहीं हुआ तो अनीता को उसके पति बब्लू ने एसआरएन में भर्ती कराया। बुधवार को वह दोबारा अपनी पत्नी को लेकर नवजीवन हास्पिटल लाया। अस्पताल में करीब 11 बजे अनीता की मौत हो गई। अस्पताल संचालक व डॉक्टर एसएस सिद्दीकी ने महिला को मृत घोषित कर दिया तो बब्लू व उसके साथ आए लोग भड़क गए। अस्पताल में ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। तोड़फोड़ कर मेज-कुर्सी क्षतिग्रस्त कर दिया। गुस्साए लोगों ने कर्मचारियों को घेरना शुरू किया तो वह अस्पताल से निकल भागे और सरायअकिल एसओ राकेश सरोज को सूचना दी। मौके पर एसओ फोर्स लेकर पहुंचे।
पूछताछ के दौरान पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को डॉक्टर एसएस सिद्दीकी ने इंजेक्शन लगाया, इसके बाद उसकी मौत हुई। कहा कि आपरेशन में डॉक्टर ने लापरवाही बरती थी, इससे उसकी हालत बिगड़ी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बब्लू की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर एसएस सिद्दीकी के खिलाफ लापरवाही से इलाज करने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी डॉक्टर करेली (इलाहाबाद) के रहने वाले हैं।
महिला को मेरे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद रेफर किया गया। बुधवार को महिला की मौत होने पर उसे एसआरएन से लाकर परिजनों ने उनके अस्पताल में हंगामा किया। मुझे जानबूझकर फंसाया जा रहा है।
डॉ.एसएस सिद्दीकी नव जीवन हास्पिटल