इलाहाबाद-सरायअकिल मार्ग में तिल्हापुर मोड़ पर घर के बाहर साइकिल चला रहे मासूम को मंगलवार शाम एक आटो ने रौंद दिया। सिर में गंभीर चोट लगने पर उसे एसआरएन (इलाहाबाद) में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
तिल्हापुर मोड़ निवासी चंदन केशरवानी ने घर में ही परचून की दुकान खोल रखी है। मुख्य मार्ग किनारे उनका घर है। मंगलवार की शाम करीब छह बजे उनका छोटा बेटा हर्ष केशरवानी (08) घर के बाहर साइकिल चला रहा था। परिवार के लोग भी घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान अचानक सरायअकिल की ओर से आ रहे एक आटो उसे टक्कर मारने के बाद कुचलते हुए निकल गया। हर्ष के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। परिजनाें ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उसे इलाहाबाद एसआरएन रेफर कर दिया गया। एसआरएन में इलाज के दौरान हर्ष ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।