आदर्श इंटर कालेज के दो शिक्षकों ने शनिवार को हाईस्कूल के छात्र मो. अल्तमस को बेरहमी से पीट दिया। पेट में चोट लगने से रात में असहनीय दर्द होने पर परिजनों को जानकारी हुई। रविवार को इलाज कराने के बाद परिजनों ने सोमवार को शिक्षकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरायअकिल कस्बे के बुद्धपुरी मोहल्ले का मो. अल्तमस पुत्र नसीम अहमद आदर्श इंटर कालेज में कक्षा दस का छात्र है। 19 अगस्त को दो घंटे तक अध्यापक कक्षा में नहीं पहुंचे। इस पर अल्तमस दूसरे सेक्शन में पढ़ने चला गया। कक्षा में अल्तमस को बैठे देख शिक्षक ने उसे उठाया और तमाचा जड़ दिया। इसके बाद हाथ पकड़कर खींचते हुए बाहर लाए। इस बीच बगल सेक्शन के भी शिक्षक वहां पहुंच गए। दोनों शिक्षकों ने मिलकर छात्र को लात, घूंसों व डंडे से जमकर पीटा।
पिटाई के दौरान छात्र के पेट में हुए अपेंडिक्स ऑपरेशन की जगह चोट लग गई। मारपीट कर छात्र का नाम काटने की धमकी देकर कालेज से बाहर कर दिया गया। रात में जब उसके पेट में असहनीय दर्द हुआ तो उसने आपबीती परिजनों को बताई। परिजनों ने उसका इलाज कराया तो सोमवार को कुछ आराम मिला। सोमवार को वह स्कूल पहुंचा तो उसे कक्षा में नहीं घुसने दिया गया। मामले की तहरीर पीड़ित छात्र ने सरायअकिल पुलिस को दे दी है। तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सरायअकिल एसओ राकेश तिवारी का कहना है कि छात्र को पीटने की तहरीर मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।