सैनी के फरीदपुर गांव में ब्याही युवती पर ससुरालियों ने खौलता पानी डाल दिया। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बचाया। विवाहिता को ससुरालियों ने घर से निकाल दिया है। शनिवार को पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
सैनी कोतवाली के मेड़वारा गांव की रहने वाली अख्तरी बेगम का निकाह दो साल पहले फरीदपुर गांव में सलमान से हुआ था। बताया कि निकाह के कुछ दिन बीतने के बाद से ही ससुराल के लोग कम दहेज का ताना देने लगे। इसके बाद मायके से बाइक और 50 हजार नगदी लाने की जिद पर अड़ गए। पखवारे भर पहले ससुराल के लोगों ने विवाहिता को पीटते हुए गर्म पानी डाल दिया। पड़ोसियों के आने पर किसी तरह विवाहिता की जान बच सकी।
मायके पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को सुनाई तो वह सन्न रह गए। दोनों परिवारों के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई पर कोई बात नहीं बन सकी। शनिवार को पिता के साथ मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। एसपी ने पीड़िता को न्याय का भरोसा दिलाया है।