पइंसा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुंगरी कड़ा प्रधान द्वारा पंचायत मित्र के साथ मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने पंचायत मित्र के घर पर धावा बोलकर बीच-बचाव करने के लिए आए परिजनों को भी नहीं छोड़ा। पीड़ित पक्ष ने इस मामले की शिकायत पइंसा पुलिस से की है।
विकास खंड सिराथू के ग्राम पंचायत मुगरी कड़ा में भैरों तालाब की खोदाई मनरेगा से कराई गई है। इस कार्य में लगाए गए मजदूरों को काम का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। ताजे घटनाक्रम में बताते हैं कि शनिवार शाम ग्राम प्रधान अशर्फी लाल अपने पुत्र सूर्य भान एवं भाई ओम प्रकाश के साथ लाठी-डंडे से लैस होकर पंचायत मित्र बसंत लाल के घर जा धमके। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रधान ने मनरेगा में लगाए गए श्रमिकों का भुगतान नहीं होने के बाबत पूछताछ शुरू की। इस दौरान दोनों ओर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते प्रधान ने अपने साथियों के साथ मिलकर पंचायत मित्र की धुनाई शुरू कर दी। बसंत को पिटता देख परिजन बीच-बचाव करने के लिए दौड़े।
आरोप है कि बीच-बचाव करने के दौरान घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट करने के साथ अभद्रता की गई। पंचायत मित्र का आरोप है कि प्रधान, उनके पुत्र और भाई ने पंचायत मित्र की मां एवं भाभी के साथ भी मारपीट करने के साथ अभद्रता की। मारपीट करने के बाद प्रधान पंचायत मित्र को धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित पक्ष ने इस घटना की शिकायत पइंसा पुलिस से की है। एसओ अनिल सिंह का कहना है कि पुलिस को सूचना दी गई है। वह बाहर हैं। लौटने के बाद देखते हैं कि मामला क्या है। प्रधान का कहना है कि पंचायत मित्र ने जानबूझ कर मजदूरों का भुगतान रोकवा रखा है। मजदूरी नहीं मिलने से मजदूर परेशान हो रहे हैं।