सैनी कोतवाली के परास गांव के एक युवक ने कागजों में हेराफेरी कर दिल्ली के पते से पासपोर्ट जारी करवा लिया था। इसकी गांव के ही एक युवक ने दो साल पहले शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई थी। इसके बाद भी युवक लगातार शिकायत करता रहा। गुरुवार को एसपी ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश सैनी कोतवाली पुलिस को दिया।
परास निवासी जुल्फेकार ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ फर्जी तरीके से पासपोर्ट जारी कराने का आरोप लगाया था। जुल्फेकार का आरोप था कि युवक ने अपने पिता का नाम बदलकर दिल्ली के पते से पासपोर्ट जारी करवाया है जबकि एक पासपोर्ट उसका कौशाम्बी से भी जारी है। दोनों पासपोर्ट की मदद से वह लगातार विदेश आता-जाता रहता था।
दो साल पहले इसकी शिकायत युवक ने पुलिस से की थी। सैनी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच की लेकिन कार्रवाई नहीं की थी। इसके बाद भी जुल्फेकार ने युवक का पीछा नहीं छोड़ा और तमाम साक्ष्य एसपी के सामने रखे। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सैनी कोतवाल राकेश चौरसिया को रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया है।