बाइक से कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे एक युवक पर मंगलवार रात दो लोगों ने फायर कर दिया। गोली लगने से युवक घायल हो गया। वारदात के बाद बाइक सवार आरोपी भाग निकले। मामले में एक नामजद सहित दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पिपरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर सहाबपुर गांव निवासी मोनू (22) पुत्र रामकैलाश मंगलवार रात बाइक से चरवा थाने के महमदपुर गांव एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। रात करीब दस बजे जैसे ही वह दरियापुर गांव के समीप पहुंचा, तभी बाइक सवार दो लोगों ने पीछा कर मोनू पर फायर कर दिया। गोली मोनू के दहिने जांघ में लगी है। गोली लगते ही मोनू बाइक से गिर गया। यह देख हमलावर भाग निकले। मोनू ने फोन से परिवार के लोगों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने पुलिस के साथ ही 108 एंबुलेंस को खबर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से मोनू को चायल सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मोनू का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। मामले में मोनू के पिता रामकैलाश ने पड़ोस में रहने वाले कल्लू पटेल सहित एक अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कल्लू से एक जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा है। इस बाबत इंस्पेक्टर राकेश सरोज का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। मोनू का बयान भी लिया गया है। घटना की छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।