फतेहपुर से कड़ा धाम ससुराल जा रहे एक मुंशी को शुक्रवार की रात जीप सवार पुलिस कर्मियों ने लूट लिया। तलाशी लेने के बाद मुंशी के बैग में 23 हजार रुपये निकला तो उसको मारपीट कर लूट लिया। इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आधी रात तक इधर-उधर पुलिस जीप में घुमाने के बाद मुंशी को पुलिस कर्मियों ने छोड़ दिया। सिराथू रेलवे स्टेशन पर रात बिताने के बाद मुंशी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के घर गया। वहां लोगों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की सलाह दी तो वह जिला मुख्यालय आया। एसपी से मुलाकात न होने पर मुंशी ने मुख्यमंत्री योगी को फैक्स भेजा है।
फतेहपुर के टेसाही (खागा) निवासी शैलेश कुमार पुत्र रामसरन एक ठेकेदार का मुंशी है। शैलेश की शादी कड़ा धाम निवासी रामभवन की बेटी चंद्रावती से वर्ष 2015 में हुई है। बीएस-3 गाड़ी में छूट मिलने की जानकारी होने पर शैलेश शुक्रवार को खागा 23 हजार रुपये लेकर बाइक खरीदने आया। एजेंसी में गाड़ी नहीं मिली तो वह पैसेंजर में बैठकर रात करीब साढ़े आठ बजे सिराथू रेलवे स्टेशन आया। सिराथू से वह आटो पकड़कर सैनी पहुंचा। वह कड़ा धाम जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। शैलेश का आरोप है कि इसी दौरान पुलिस की एक जीप आई। जिसका नंबर यूपी 73-जी 0117 है।
उसमें से उतरे पुलिस कर्मियों ने पूछताछ की। इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली। बैग में 23 हजार रुपये देख पुलिस कर्मियों ने पूछा कि यह रुपये कैसे मिले। शैलेश ने अपना आधार कार्ड व टिकट दिखाया, तो उसको पुलिस कर्मियों ने मारपीट कर जबरन जीप में बैठा लिया, कहा चल थाने। थाने ले जाने के बजाय उसको देवीगंज, कड़ा धाम की ओर घुमाते रहे। रात करीब 12 बजे के समीप उसको सैनी के ही समीप छोड़ दिया। रात भर वह सिराथू स्टेशन में रहा। इसके बाद वह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के घर गया। वहां मिले लोगों को उसने अपनी आपबीती बताई। इस पर उन लोगों ने पुलिस अफसरों से शिकायत करने की सलाह दी। वह मंझनपुर आया तो एसपी से मुलाकात नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने मुख्यमंत्री को फैक्स भेजा। शैलेश ने जिस पुलिस जीप का जिक्र किया है, वह देवीगंज चौकी पुलिस की है। चौकी प्रभारी योगेश तिवारी का कहना है कि आरोप निराधार है। वह कड़ा मेला ड्यूटी में थे, उनकी लोकेशन चेक कराई जा सकती है।
‘थाना दिवस होने के कारण दफ्तर में नहीं बैठा था। इस तरह की किसी भी शिकायत की जानकारी नहीं है। यदि किसी ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है तो उसकी जांच कराई जाएगी।’
वीके मिश्र, एसपी