कस्बे के भगौतीगंज मोहल्ले में शुक्रवार रात दबंगों ने पांच लोगों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। दो मासूमों को जिंदा जलाने का प्रयास किया। सिर पर फरसे से वार कर एक व्यक्ति को लहूलुहान कर दिया गया। पीड़ितों ने हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस कोे दी है।
सरायअकिल कस्बे के भगौतीगंज मोहल्ला निवासी सोहन लाल के बेटे सोनू की शुक्रवार को शादी थी। रात में बारात करारी निवासी रामचरन के घर पहुंची। वक्त खत्म हो जाने की वजह से दस बजे ऑपरेटर ने डीजे बंद कर दिया। इसे लेकर बाराती भड़क गए। उन्होंने डीजे संचालक से अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। उस दौरान मौके पर रहे लेागों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद कुछ बाराती घर लौट गए। आरोप है कि इन बारातियों ने अपने साथियों संग मिलकर सोहन के घर पर चढ़कर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
सोहन के साथ उसके परिवार के ही बब्बू, भइयन, किशनलाल व रमेश के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। रमेश की तीन साल की बेटी बासू और दो माह के बेटे आयुष को मिट्टी का तेल छिड़क जिंदा जलाने का प्रयास किया। इस दौरान चीख-पुकार सुन मौके पर कस्बाइयों की भीड़ जमा होने लगी। ऐसे में हमलावर जानलेवा धमकियां देते हुए फरार हो गए। सुबह हमलावरों ने रमेश को पकड़कर पीटा। उसके सिर पर फरसे से वार कर दिया। जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। मामले में पार्वती पत्नी रमेश, सुमित्रा पत्नी बब्बू व भइयन पुत्र गुलाटी ने चार-चार नामजद समेत दस अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। सरायअकिल एसओ उमाशंकर यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डीजे संचालक से हुई मारपीट के मामले में करारी पुलिस ने बारातियों की तहरीर पर केस दर्ज किया है।