जुबरा नारा गांव के एक गरीब मजदूर की बुधवार की रात झोलाछाप चिकित्सक ने जान ले ली। शाम बीमार होने पर वह स्थानीस चिकित्सक के पास इलाज कराने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि कमर में इंजेक्शन लगाते ही मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पत्नी की तहरीर पर पुलिस आरोपी चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
मंझनपुर कोतवाली के जुवरा नारा निवासी सुमित कुमार गरीब मजदूर है। पत्नी सविता देवी ने बताया कि बुधवार की शाम उसके पति की अचानक तबियत खराब हो गई। शाम वह साइकिल से साथी सुरेन्द्र के साथ स्थानीय झोलाछाप चिकित्सक अलताफ के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि कमर में इंजेक्शन लगाते ही सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद डॉक्टर शव को उसके घर पर छोड़ भाग निकला।
सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुबह मृतक की पत्नी सविता देवी की तहरीर पर पुलिस आरोपी चिकित्सक अलताफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंझनपुर कोतवाल उमाशंकर यादव ने बताया कि आरोपी चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।