मंझनपुर। कौशाम्बी इलाके के एक गांव का रहने वाला युवक स्थानीय छात्रा को ट्यूशन पढ़ाते-पढ़ाते उससे प्रेम करने लगा। जानकारी पर जब पत्नी ने विरोध किया, तो दोनों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि लहूलुहान करने के बाद पति ने उसके दोनों बच्चों को छीनकर घर से भगा दिया। दो दिनों से मायके में रहने वाली विवाहिता ने बुधवार को मामले की शिकायत एसपी से की। पुलिस अधीक्षक ने एसओ कौशाम्बी को प्रकरण की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने बताया कि उसकी शादी छह साल पहले पड़ोसी गांव के युवक से हुई थी। कुछ दिनों से गांव की रहने वाली एक छात्रा उसके पति से ट्यूशन पढ़ने आती है। विवाहिता का आरोप है कि ट्यूशन पढ़ाते-पढ़ाते उसके पति ने गुरु-शिष्या की मर्यादा को तार-तार करते हुए छात्रा से संबंध बना किया। इसकी जब उसे जानकारी हुई, तो उसने विरोध किया।
बार-बार विरोध करने के बाद भी पति अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोप है कि शिष्या के प्रेम में उन्हें घर-परिवार की इज्जत का भी तनिक भी ख्याल नहीं रहा। इतना ही नहीं सोमवार को अपनी इसी प्रेमिका के साथ मिलकर उन्होंने उसकी बेरहमी से पिटाई की। लोहे की छड़ से प्रहार करके उसे घायल कर दिया। पीटने के बाद पति ने उसके दोनों बच्चों को भी उससे छीन लिया और उसे घर से भगा दिया।
पिटाई से घायल विवाहिता किसी तरह मायके पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। बुधवार को उसने घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी रतनकांत पांडेय ने कौशाम्बी के एसओ को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।