इलाके के उत्तर थोक में रहने वाले एक मजदूर की रविवार रात सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। चौराहा स्थित शराब की दुकान के समीप खून से लथपथ उसका शव बरामद किया गया। अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से इलाके मेें सनसनी है।
चरवा उत्तर थोक निवासी दिलीप कुमार (22) पुत्र भैयालाल मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। रविवार रात तकरीबन नौ बजे वह घर से किसी काम से जाने की बात कहकर से निकला था। आधी रात के आसपास चौराहा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास खून से लथपथ उसका शव बरामद हुआ। मौके पर शिनाख्त नहीं होने के कारण गश्ती पुलिस शव कब्जे में लेकर थाने चली गई। इधर, रात में घर नहीं लौटने से परेशान दिलीप के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। लावारिस शव मिलने की खबर पर थाने पहुंचे परिजन लाश देखकर बिलख पड़े। दिलीप के सिर पर चोट के गहरे निशान थे। परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या कर शव फेंका गया है। कोतवाल रामेंद्र सिंह का कहना है कि मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है। दिलीप की शादी साल भर पहले ही हुई थी। उसकी मौत के बाद से गर्भवती पत्नी रीना की रो-रोकर हालत खराब है।