मंझनपुर (कौशाम्बी)। कौशाम्बी की भरवारी रेलवे क्रासिंग पर सोमवार की शाम जोधपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुंडा के बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार युवक क्रासिंग का फाटक बंद होने के बाद भी लाइन पार कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
बताया जाता है कि कुंडा के रहने वाले छेदीलाल की यहां भरवारी में ससुराल है। उनकी सास की कई दिनों से तबीयत खराब है। बीमार मां को देखने के लिए छेदीलाल की पत्नी सोमवार की सुबह पड़ोसी मोनू (20) के साथ बाइक से भरवारी आई थी। शाम करीब छह बजे दोनों भरवारी से कुंडा जाने के लिए बाइक से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही मोनू भरवारी रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा। गेट बंद था।
उसने महिला को गेट पर उतारकर गेट बंद होने के बाद भी बाइक लेकर लाइन पार करने लगा। इसी दौरान हावड़ा से जोधपुर जा रही जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। इसकी चपेट में आने से मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। क्रासिंग पर मौजूद लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर लगने पर युवक बाइक समेत करीब 50 फिट दूर जा गिरा था। उधर, हादसे से मौजूद लोगों की रूह कांप गई। छत-विक्षत युवक का शव देखकर मौजूद महिला चीखने-चिल्लाने लगी। सूचना पर उसके मायकेवाले भी आ गए। हादसे की खबर युवक के परिजनों को देने के साथ ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।