दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर सैनी के डोडापुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर अज्ञात महिला और पुरुष का शव पड़ा मिला। शव पाए जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि उसे सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि दोनों यात्रा करने के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गए।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के डोडापुर गांव के समीप से गुजरी रेलवे लाइन पर बृहस्पतिवार की सुबह महिला-पुरुष का शव पड़ा मिला। रेलवे ट्रैक पर शव पड़े देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। रेलवे ट्रैक पर कुछ ही फासले पर दो शव देख ग्रामीण सकते मेें आ गए। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना सिराथू रेलवे स्टेशन मास्टर को दी।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसआई रमेश सिंह चौहान का कहना है कि देखने से ऐसा लगता है कि दोनोें वृद्ध किसी ट्रेन के गेट पर बैठे थे। नीचे आ जाने से वे गिर गए हैं। सच क्या है यह तो पुलिस के लिए जांच का विषय है। इंस्पेक्टर सैनी दिनेश सिंह का कहना है कि शव पीएम के लिए भेज दिया गया है। मौत का कारण पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो जाएगा।