हाईवे पर कोखराज के धन्नी गांव के समीप बुधवार की सुबह बेकाबू डीसीएम ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। डीसीएम चालक मोहनापुर गांव के समीप गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज के कसिया पूरब गांव का रहने वाला अमानत उल्ला (30) पुत्र हबीब उल्ला बुधवार सुबह साइकिल से धन्नी गांव गया था। वह धन्नी गांव के समीप सड़क किनारे वहीं के रहने वाले प्यारे लाल (50) पुत्र भगवानदीन से वार्ता करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कानपुर की ओर से आई बेकाबू डीसीएम ने दोनों को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे में अमानत उल्ला और प्यारे लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
दर्दनाक हादसा देख आस-पास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए डीसीएम चालक का पीछा किया। चालक मोहनापुर गांव के समीप डीसीएम को छोड़कर भाग निकला। हादसे की सूचना मिलते ही सीओ सिराथू कई थानों की पुलिस के साथ घटना स्थल पहुंचे। सीओ सिराथू जर्नादन तिवारी ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है।