पिपरी थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में पड़ोसियों ने अधेड़ को पीटकर अधमरा कर दिया। घर के बगल कूडे़ का ढेर लगाए जाने को लेकर दोपहर में दोनों परिवारों के बीच तीखी नोक झोक हुई थी। मारपीट देख मौके पर पहुंचे घर-परिवार के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। पड़ोसियों की पिटाई के बाद घायल अधेड़ थाने पहुंचा और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। भुक्तभोगी को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजने के बाद पुलिस ने दो हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का रहने वाला राम औतार पुत्र रामनाथ किसान है। शनिवार की दोपहर पड़ोसी की बेटी ने घर की सफाई करने के बाद कूड़े का ढेर उसके दरवाजे के बगल लगा दिया। इस पर उसने पड़ोसी की बेटी को फटकार दिया। इसी बात को लेकर पड़ोसियों ने तीखी झड़प के बाद उसे पीटते हुए अधमरा कर दिया।
अधेड़ को पिटता देख घर-परिवार के साथ गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पड़ोसियों की पिटाई से घायल अधेड़ को लेकर घर वाले थाने पहुंचे और घटना की तहरीर पुलिस को दी। भुक्तभोगी की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।