पति से झगड़ा करके मायके जा रही करारी इलाके की एक युवती को रास्ते में अजनबी से लिफ्ट मांगना भारी पड़ा। बाइक में बैठाकर युवक उसे बहाने से रिश्तेदार के घर ले गया। जहां तीन दिनों तक बंधक बनाकर उसकी आबरू लूटता रहा। फिर गांव के बाहर छोड़कर भाग निकला। शिकायत करने पर करारी पुलिस ने विवाहिता को डांटकर भगा दिया। पीड़िता ने बृहस्पतिवार को इसकी शिकायत एसपी से की। पुलिस अधीक्षक ने एसओ करारी को प्रकरण की जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।
करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक विवाहिता का 8 दिन पहले पति से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। कहासुनी के बाद वह नाराज होकर मायके जा रही थी। गांव के समीप ही उसने एक बाइक सवार से लिफ्ट मांगी। अजनबी युवक से लिफ्ट मांगना उसे भारी पड़ गया। बाइक सवार युवक की नीयत डोल गई। वह बाइक पर युवती को बैठाने के बाद बहाने से लेकर अपने एक रिश्तेदार के घर चला गया। जहां तीन दिनों तक युवती को बंधक रखकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।
मनमानी करने के बाद उसे गांव के पास छोड़कर भाग निकला। इस दौरान कहीं भी शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। दरिंदे के चंगुल से छूटी विवाहिता मायके पहुंची और सिसकते हुए घटना की जानकारी घरवालों को दी। दूसरे दिन पीड़िता ने घटना की शिकायत करारी थाने में दी। आरोप है कि तहरीर लेकर जाने पर पुलिस से उसे डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से परेशान विवाहिता ने बृहस्पतिवार को घटना की शिकायत एसपी से की। पुलिस अधीक्षक वीके मिश्रा ने एसओ करारी हो जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है। मामले थानाध्यक्ष करारी राकेश यादव ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी से इंकार किया है। कहाकि शिकायत मिलती है, तो जांच करके दोषी युवक के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।