बेखौफ चोरों ने बुधवार की रात करारी के हिसामपुर बैरिया गांव के किसान का घर खंगाल डाला। सेंध काटकर चोर गहने, कपड़े, बर्तन समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करके रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना से गांव में सनसनी है। करारी थाना क्षेत्र के बैरिया गांव निवासी हीरालाल किसान है। बुधवार की रात उसके मकान में सेंध काटकर चोर घुस गए।
कमरे, संदूक आदि का ताला तोड़कर घुसे चोर 5500 रुपये, सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब दो लाख रुपये से अधिक का सामान उठा ले गए। सो रहे परिजनों को घर में चोरी होने की जानकारी सुबह उठने पर हुई। महिलाओं ने कमरे, संदूक का ताला टूटा देखा, तो वे चीखने-चिल्लाने लगी। चीख-पुकार पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांववाले भी जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर करारी थाने की पुलिस भी पहुंची। मौका मुआयना करने के साथ ही पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसओ करारी राकेश यादव ने बताया कि एफआईआर दर्ज करके चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। धरपकड़ के लिए मुखबिरों का जाल भी बिछाया गया है। वहीं रात हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में गुस्सा और दहशत है। आरोप है कि रात में पुलिस की गश्त नहीं होने से चोरों का गिरोह बेखौफ होकर आए दिन घटनाएं कर रहा है। पुलिस सिर्फ रिपोर्ट लिखने तक सिमटी है।