कस्बे में चोरों का कहर थम नहीं रहा है। बेखौफ चोरों ने बुधवार की रात नेतानगर मोहल्ले में किराने की दुकान का शटर तोड़कर माल पार कर दिया। दुकान से चोर 60 हजार कैश के अलावा घी, तेल, चीनी, दाल, साबुन समेत करीब 4 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। करारी थाना क्षेत्र के अगियौना गांव निवासी कामता प्रसाद उर्फ मुन्ना की कस्बे के नेतानगर मोहल्ले में किराने की दुकान है। बुधवार की रात शटर तोड़कर दुकान में घुसे बेखौफ चोर 60 हजार रुपये कैश के अलावा घी, तेल, चीनी, चावल, दाल, मैदा, सूजी, साबुन, शैम्पू, डिटर्जेंट पाउडर, सिगरेट, सुपारी, तम्बाकू, पान मसाला, बिस्किट, सब्जी मसाला, मंजन, नमकीन, चिरौंजी, किशमिश, काजू आदि लगभग 4 लाख रुपये का माल समेट ले गए।
सुबह जब आसपास के लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। मोहल्लेवालों की सूचना पर दुकानदार भागकर बाजार पहुंचा। दुकान की हालत देख उसके होश उड़ गए। किराने की दुकान पर चोरी की खबर लगते ही भीड़ जमा हो गई। सूचना पर करारी पुलिस ने भी पहुंचकर मौका मुआयना किया। भुक्तभोगी दुकानदार की तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। बुधवार की रात ही चोरों ने नेतानगर मोहल्ले के मसरूर आलम, लका हसन और आमिर के घरों में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन जगहट होने के कारण उन्हें भागना पड़ा।