सरायअकिल के रक्सराई गांव के समीप बुधवार की दोपहर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बेकाबू होकर ट्रैक्टर पलटने से उसमें सवार एक ही परिवार के 8 सदस्य घायल हो गए। ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार को भी चोटें आई हैं। घायलों में एक विवाहिता की हालत गंभीर बनी है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के इंद्रभान सिंह का इलाहाबाद में मकान बन रहा है। इसी निर्माणाधीन मकान को देखने के लिए मंगलवार को पूरा परिवार इलाहाबाद गया था। बुधवार को परिवार के लोग ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर इंद्रभान का छोटा भाई अखिलेश सिंह चला रहा था। दोपहर करीब 12.30 बजे जैसे ही ट्रैक्टर सरायअकिल के रक्सराई गांव के समीप पहुंचा। अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर पलट गया।
इससे ट्रैक्टर चला रहे अखिलेश सिंह (30), उसकी पत्नी संगीता देवी (27), बेटा योगेंद्र सिंह (7), योगेश (5) और छोटा भाई पुष्पराज (25), भयाहू मीना सिंह (22) पत्नी पुष्पराज, परी ( डेढ़ वर्ष) पुत्री पुष्पराज और राजगीर रामचंद्र का बेटा गुड्डू (8) निवासी नौहाई घायल हो गए। साथ ही ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार भी गिरकर घायल हो गया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। गांववालों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना देते हुए सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल मीना सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में ले लिया है।