चरवा। लोहिया आवास आवंटन में धांधली की जांच के दौरान अफसरों के सामने असलहे लेकर आने से रोकने को लेकर सोमवार को बरियावां चौकी में प्रधानपति और चौकी इंजार्च में झगड़ा हो गया। इनके बीच तीखी नोकझाेंक हुई। कहासुनी के बाद प्रधानपति ने चौकी इंचार्ज पर अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए गांववालों के साथ आकर पुलिस अधीक्षक का घेराव किया। वहीं चौकी इंचार्ज ने भी प्रधानपति पर ऐसा ही आरोप लगाया है।
चायल क्षेत्र के बरियांवा गांव का चयन लोहिया ग्राम में रूप में हुआ है। इस गांव में लोहिया आवास आवंटन में धांधली की शिकायत पर रविवार को एडीएम जांच करने गए थे। बताया जाता है कि जांच के दौरान प्रधान के समर्थक असलहे लेकर घूम रहे थे। इस पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने इस पर आपत्ति की। पुलिस कर्मियों के इसी विरोध को लेकर सोमवार को प्रधानपति नरेंद्र मौर्या समर्थकों के साथ बरियावां चौकी पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान प्रधानपति और चौकी इंचार्ज ताराचंद्र के बीच तीखी झड़प हो गई। चौकी में प्रधानपति और चौकी इंचार्ज के बीच नोक-झोंक होती देख भीड़ जमा हो गई। मौजूद सिपाहियों ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। उधर, कहासुनी के बाद प्रधानपति समर्थकों और ग्रामीणों को लेकर मंझनपुर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक का घेराव किया। एसपी को शिकायतीपत्र देकर प्रधानपति ने चौकी प्रभारी पर अभ्रदता और जानलेवा धमकी देने का आरोप लगाया।
एसपी ने प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा प्रधानपति को दिलाया है। वहीं चौकी प्रभारी ताराचंद्र का कहना है कि लोहिया गांव की जांच के दौरान प्रधानपति के समर्थक असलहा प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें सिपाहियों ने मना किया था। इसी बात को लेकर सोमवार को प्रधानपति ने समर्थकों के साथ असलहे से लैस होकर चौकी पर आ गए। उनसे भिड़ गए। आरोप है कि असलहे दिखाकर उन्हें धमकी भी दी गई।