मंझनपुर (ब्यूरो)। घर के सामने कचरा फेंकने के मामूली विवाद में बृहस्पतिवार की सुबह रामपुर बसोहरा गांव के दो पक्ष भिड़ गए। कहासुनी के दौरान इनके बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि झगड़े के दौरान पड़ोसियों ने लाठी-डंडे से हमला करके दो युवकों को मरणासन्न कर दिया। चीख-पुकार पर गांववालों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित परिवार ने गांव के ही 4 लोगों के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में तहरीर दी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बसोहरा गांव निवासी कैलाश ने बताया कि पड़ोसी से उसका जमीन को लेकर मनमुटाव चल रहा है। उसका कहना है कि बृहस्पतिवार को पड़ोसी झाड़ू लगाकर उसके घर के सामने कचरा फेंक रहे थे। उसके लड़के रमेश कुमार ने घर के सामने कचरा फेंकने से मना किया। इसी बात को लेकर पड़ोसी और उसके परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर रमेश (20) पर हमला कर दिया।
बीच बचाव करने दौड़े सुखलाल (30) पुत्र दुजई लाल को भी हमलावरों ने लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार सुनकर गांव के अन्य लोग दौड़े, तो हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। उधर, लाठी-डंडे के हमले में घायल दोनों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को लेकर परिवार के लोग सीधे मंझनपुर कोतवाली आए और घटना की जानकारी दी। तहरीर लेकर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई है।