जिला मुख्यालय से ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे एक युवक को सरेराह बदमाशों ने गोली मार दी। हमले में युवक के शरीर के कई हिस्से में छर्रे धंस गए। युवक गाड़ी भगाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सदर कोतवाली क्षेत्र के खोजवापुर निवासी बुद्धिसेन पुत्र चंद्रभान मंझनपुर में एक ट्रैक्टर एजेंसी में काम करता है। बुधवार शाम वह ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। शाम तकरीबन साढे़ 7 बजे जैसे ही वह अंबावा के पास पहुंचा, एक बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया।
मामला गड़बड़ देख उसने बाइक की गति तेज कर दी। इससे बौखलाए बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में गोली लगने के बावजूद बुद्धिसेन ने हिम्मत नहीं हारी। बाइक की गति तेज कर वह किसी तरह जान बचाने में कामयाब रहा। गांव पहुंचकर उसने आप बीती लोगोें को बताई तो मदद के लिए ग्रामीण टूट पड़े । मगर तब तक बदमाश सुनसान मार्ग का फायदा उठाकर भाग चुके थे। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस के हांथ-पांव फू ल गए। युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। इस बारे में एसओ का कहना है कि घटना की छानबीन की जा रही है। युवक के शरीर में हल्के छर्रे लगे हैं।