पश्चिमशरीरा के गोराजू अमीना बाजार में स्थित कपड़े की दुकान में बुधवार की रात संदिग्धदशा में आग लग गई। रात में दुकान में भड़की आग भोर में 5 बजे तक धधकती रही। लपटों की जद में आने से साड़ियां, शूटिंग-सर्टिंग्स समेत करीब 5 लाख रुपये के कपड़े जल गए। सुबह दुकान से धुआं निकलता देख लोगों को घटना की जानकारी हुई। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। माना जा रहा है कि बिजली की शार्टसर्किट से यह हादसा हुआ है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के धवाड़ा गांव निवासी राकेश कुमार सोनी की अमीना गोराजू बाजार में कपड़े की दुकान है। रोज की तरह बुधवार की रात भी करीब 9 बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 5 बजे बाजार के कुछ लोग मार्निंगवाक के लिए निकले, तो दुकान से धुएं का गुबार निकलता दिखा। इससे लोग सन्न रह गए। दुकान में आग लगने की आशंका से चीख-पुकार मच गई। शोर पर बाजार में आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कस्बाइयों ने फोन से घटना की जानकारी दुकानदार को दी। साथ ही लोग आग बुझाने में जुटे।
करीब दो घंटे से भी ज्यादा समय तक जूझने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि जब तक लोग आग बुझाते, सारा सामान राख हो चुका था। सैकड़ों साड़ियों के साथ ही शूटिंग, सर्टिंग्स समेत अन्य सभी कपड़े, तीन सिलाई मशीन आदि लाखों रुपये का सामान जल गया। उधर, दुकान में आग लगने की सूचना लगते ही दुकानदार और उनके परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। दुकानदार ने घटना की जानकारी इलाकाई पुलिस को दी। भुक्तभोगी के मुताबिक दुकान में आग लगने से करीब 5 लाख रुपये के कपड़े जले हैं। आग कैसे लगी इसकी किसी को जानकारी नहीं है। माना जा रहा है कि बिजली की शार्टसर्किट से दुकान जली है।