किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा देने के मामले में कौशाम्बी क्षेत्र के एक गांव के 8 लोग नामजद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस अब तक आरोपी लोगों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। भुक्तभोगी परिवार का आरोप है कि गिरफ्तारी से बचे लोग मुकदमे में सुलह का दबाव बना रहे हैं। इंकार करने पर पूरे परिवार को जान से मार डालने की धमकी दी जा रही है। भुक्तभोगी परिवार ने इसकी शिकायत एसपी से की है।
बता दें कि कौशाम्बी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 5 मई 2014 को संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। इस मामले में एसपी के आदेश पर गांव के ही 8 लोग नत्थूलाल, भोजराज, गंगा प्रसाद, मुन्नी देवी, शांति देवी, धीरज कुमार, दिलवाईन और धर्मेद्र कुमार को नामजद किया गया था। आरोप है कि इन सभी लोगों ने बहला-फुसलाकर किशोरी को गायब किया है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने 27 अगस्त 2014 को किशोरी को बरामद किया था। उसका न्यायालय में बयान भी दर्ज कराया जा चुका है। इधर, बयान होने के बाद भी अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि ये लोग मुकदमे में सुलह का दबाव और इंकार पर धमकियां देते घूम रहे हैं।