पिपरी के दुर्गापुर गांव निवासी एचसीपी रामलखन का बेटा अजीत (19) संदिग्धदशा में तीन दिनों से लापता है। रविवार की शाम वह नलकूप पर गया था, तभी से उसका कुछ पता नहीं है। घरवालों ने गांव के तीन व्यक्तियाें पर पुरानी रंजिश में युवक को अगवा करके उसकी हत्या कर देने की आशंका जताया है। लापता युवक के भाई की तहरीर पर पिपरी पुलिस घटना की तफ्तीश में जुटी है। वहीं, जवान बेटे के गायब होने से घर में कोहराम मचा है।
पिपरी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी रामलखन हेड कांस्टेबिल हैं। इन दिनों उसकी तैनाती इलाहाबाद के सरायइनायत थाने में है। यहां दुर्गापुर गांव में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहने वाला उसका बेटा अजीत (19) रविवार की शाम घर से नलकूप पर सोने के लिए गया था, तभी से लापता है। दूसरे दिन सुबह जब वह देर तक घर नहीं लौटा, तो बड़ा भाई उसे बुलाने के लिए नलकूप पर गया, लेकिन वह वहां नहीं था। काफी देर तक परिवार के लोग उसकी इधर-उधर खोजबीन करते रहे, लेकिन अजीत कहीं नहीं मिला। इससे घर में हड़कंप मच गया। घरवाले गांव के ही तीन व्यक्तियों पर उसे अगवा करके मार डालने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। इन व्यक्तियों से रामलखन की पुरानी दुश्मनी है। रामलखन के बड़े बेटे आदित्य ने मंगलवार को घटना की जानकारी पिपरी थाने में दी। थाने में दी गई तहरीर में भी उसने गांव के इन्हीं व्यक्तियों पर अपहरण और हत्या की आशंका जाहिर की है। तहरीर लेकर पुलिस घटना की तहकीकात में जुटी है। मामले में एसओ विनोद यादव ने बताया कि युवक के गायब होने की शिकायत मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट लिखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।