कौशाम्बी थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव में रविवार की रात चोरों का कहर बरपा। तीन घरों की कुंडी तोड़कर चोरी का प्रयास हुआ। घरों में तो चोरी करने में बदमाश नाकाम रहे, लेकिन इस दौरान वे दो किसानों की एक-एक भैंस खोलकर हांक ले गए। चोरी गई भैंसों की कीमत करीब 80 हजार रुपये है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना किया। एसओ ने बताया कि चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव में रविवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। गांव पहुंचे चोरों ने राजबली, हीरालाल और महेश कुमार के घर की कुंडी तोड़कर चोरी का प्रयास किया। हालांकि घरों में चोरी करने में बदमाश नाकाम रहे। इस पर चोर रामबली और हीरालाल के पशुशाला में बंधी एक-एक भैंस खोली और उसे हांक ले गए। सुबह जब गांव के लोग जागे, तो घरों की टूटी कुंडी और पशुशाला से दो भैंस गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी लगते ही गांववाले जुट गए। लोगों ने घरों में चोरी करने के प्रयास और दो भैंस चोरी होने की सूचना कौशाम्बी थाने की पुलिस को दी।
सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। दोनों किसानों की तहरीर पर पुलिस ने जानवर चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है। पीड़ित किसानों की मानें तो चोरी गई भैंस की कीमत कम से कम 40-40 हजार रुपये है। मामले में एसओ अर्जुन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।