पिपरी कोतवाली इलाके में बुधवार की दोपहर तीन युवकों ने गांव की ही एक किशोरी से गैंगरेप की कोशिश की। जोर जबर्दस्ती के दौरान किशोरी के कपड़े फट गए। चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े। ग्रामीणों को आता देख युवक धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब एक बजे वह खेत की ओर गई थी। उसे अकेली देख गांव का ही एक युवक ने अपने दो अन्य दोस्तों के साथ उसे दबोच लिया। आरोपी उसे खेत की ओर उठा ले गए। आरोप है कि तीनों युवक उसके साथ जबरदस्ती करने लगे।
इसी दौरान युवकों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। युवकों की दरिंदगी से खुद को बचाने के लिए वह चीखने चिल्लाने लगी। किशोरी की चीखें सुनकर आस-पास के खेताें में काम कर रहे लोग दौड़े। ग्रामीणों को आता देख तीनों युवक किशोरी को जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकले। युवकाें के चंगुल से छूटी किशोरी रोते हुए घर पहुंची और घटना की जानकारी मां को बताई। पीड़िता के मुताबिक उसके गांव में अपनी ननिहाल में रहने वाले युवक ने साथियों के साथ मिलकर जबरदस्ती का प्रयास किया है। युवकों की करतूत सुनकर परिजन और ग्रामीण सन्न रह गए। देर शाम किशोरी को लेकर पिपरी कोतवाली पहुंचे पिता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पिपरी कोतवाली पुलिस तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ पीके यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।