हाइवे पर सल्लाहपुर गांव के समीप सोमवार की सुबह सड़क पार कर रहे वृद्ध की तेज रफ्तार इनोवा की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वृद्ध की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर गांव निवासी रईस अहमद (70) पुत्र इकबाल अहमद सोमवार की सुबह सड़क पार करके चाय की दुकान पर अखबार पढ़ने के लिए जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जैसे ही वह बीच सड़क पहुंचा, तभी इलाहाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना हुई देख आसपास मौजूद रहे चीखते-चिल्लाते दौड़े।
लोगों ने वृद्ध को कुचलने वाली इनोवा का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन समेत भाग निकला। सूचना पर परिवार के लोग रोते-बिलखते आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच-पड़ताल की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं हादसे में हुई वृद्ध की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।