जमीन पर कब्जा करके मकान निर्माण से बाकरगंज गांव में तनातनी बनी है। भुक्तभोगी की शिकायत पर एसडीएम सदर ने एसओ पश्चिमशरीरा को जमीन की पैमाइश होने तक निर्माण कार्य बंद कराने का आदेश दिया है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के बाकरगंज गांव निवासी ओमप्रकाश ने गांव के एक व्यक्ति से जमीन खरीदी थी। वहीं बगल में गांव के एक अन्य व्यक्ति की भी भूमि है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उसकी खरीदी गई जमीन पर भी कब्जा कर रखा है। अब वह कब्जा की गई जमीन पर मकान निर्माण कराने पर जुटा है। विरोध करने पर कब्जेदार और उसके परिवार के लोग मारपीट पर अमादा हो जाते हैं। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती है। इस घटना से गांव में तनातनी बनी है।
खरीदी गई जमीन पर कब्जा और मकान निर्माण की शिकायत भुक्तभोगी ने पश्चिमशरीरा थाने में की। आरोप है कि पुलिस ने आकर निर्माण कार्य बंद भी कराया था, लेकिन पुलिस के गांव से बाहर जाते ही, दोबारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। पड़ोसी की इस दंबगई से परेशान पीड़ित ने घटना की शिकायत एसडीएम मंझनपुर से की। उप जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने एसओ पश्चिमशरीरा को जमीन की पैमाइश होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश दिया है।