नगर कोतवाली पुलिस ने शनिवार की दोपहर कोड़र गांव के समीप से इंडिका कार में लदी 20 पेटी देशी शराब पकड़ी है। आबकारी विभाग के मुताबिक पकड़ी गई शराब करीब 54 हजार रुपये की है। वहीं शराब के साथ पुलिस ने प्रतागढ़ के रहने वाले दो व्यक्तियों को भी दबोचा है। एसओ ने बताया कि यह शराब प्रतापगढ़ से बेचने के लिए कौशाम्बी लाई गई थी। पुलिस इस गोरखधंधे में संलिप्त अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
नगर कोतवाली एसओ राजेश सिंह ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब एक बजे उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कार से देशी शराब की खेप ओेसा होते हुए महेवाघाट की ओर जाएगी। शराब तस्करी की भनक लगते ही पुलिस ने कोड़र गांव के समीप वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से एक इंडिगो कार आई। पुलिस ने इस कार को रोककर तलाशी ली। एसओ ने बताया कि तलाशी लेने पर कार की डिक्की में 20 पेटी देशी शराब मिली। शराब बरामद होने पर पुलिस ने कार सवार दोनों व्यक्तियों को भी हिरासत में ले लिया। साथ ही घटना की जानकारी आबकारी विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे आबकारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद ने भी छानबीन की।
आबकारी निरीक्षक ने बताया कि कार में 20 पेटी यानि कुल 900 क्वाटर शराब मिली है। जिसकी मौजूदा मार्केट में कीमत करीब 54 हजार रुपये है। साथ ही बताया कि यह देशी शराब सुपीरियर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड सीबीगंज बरेली की बनी है। पुलिस टीम ने शराब लदी कार को कब्जे में लेते हुए दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर उन्हें जेल भेज दिया है। शराब के साथ पकड़े गए युवकों में अनुपम कुमार निवासी अत्तानगर कुंडा और बलराम सिंह निवासी बुलाकीपुर कुंडा हैं। पुलिस के मुताबिक यह शराब प्रतापगढ़ से लाकर कौशाम्बी में बेची जानी थी। पुलिस पकड़े गए शराब तस्करों से पूछताछ के बाद इस गिरोह में शामिल और लोगों की तलाश में जुटी है।
इसनेट
पहले भी द्वाबा में पकड़ी जा चुकी है शराब
मंझनपुर(ब्यूरो)। द्वाबा में अर्से से मादक पदार्थो की तस्करी हो रही है। गैर प्रांतों से गांजा, अफीम के साथ देशी और विदेशी शराब की खपत की जा रही है। एक मई को सैनी कोतवाली पुलिस ने हाइवे से तीन लाख रूपये की अफीम के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। एक जून को आबकारी पुलिस की टीम ने गुलामीपुर स्थित एक ढाबे से बीयर लदी ट्रक को पकड़ा था। जिसमें 6 लाख रूपये की बीयर लदी थी। 20 जून को पिपरी कोतवाली पुलिस ने काठगांव के ग्राम प्रधान पवन पटेल के निजी नलकूप से 20 लाख रूपये की देशी शराब बरामद कर चुकी है।