स्थानीय थाना क्षेत्र के बैशकांटी गांव में घर के पास खड़े अधेड़ पर गांव के ही कुछ हमलावरों ने फायर झाेंक दिया। गोली नहीं लगने से अधेड़ बाल-बाल बच गया। फायर की आवाज सुन पास पड़ोस के लोगों ने हमलावरों को दौड़ा कर पिटाई कर दी। मौका पाकर हमलावर तमंचा छोड़कर भाग निकले। भुक्तभोगी ने थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की रिपोर्ट लिखकर जांच पड़ताल कर रही है।
करारी थाना क्षेत्र के बैशकांटी गांव के रहने वाले इस्तयाक अहमद (40) पुत्र नईक अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शनिवार की दोपहर अपने दरवाजे पर खड़ा था। इतने में गांव के ही दो लोग आए और उससे बात करने लगे। दोनों युवक शराब के नशे में थे। युवकों ने बात ही बात में अधेड़ पर तमंचे से फायर झोक दिया। नशे में होने के कारण गोली अधेड़ को नहीं लगी। गोली की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोगों ने युवकों का दौड़ा कर पकड़ा और पिटाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों की चंगुल से मौका पाते ही दोनाें हमलावर तमंचा छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद अधेड़ करारी थाने पहुंचा और मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की छानबीन कर रही है।