पुरामुफ्ती इलाके के ईंट भट्ठे में पथाई करने वाले मजदूरों को दिहाड़ी मांगने पर बुधवार को मार मिली। ईंट भट्ठा मालिक और मुंशी ने दर्जनभर मजदूरों को पीट दिया। जानलेवा धमकियां भी दी गई। पिटाई से घायल मजदूरों ने पिटाई होने की नामजद तहरीर पुरामुफ्ती थाने में दी। एसडीएम और सीओ से भी भट्ठा मालिक, मुंशी की दबंगई की शिकायत की। सीओ ने एसओ पुरामुफ्ती को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के बिदांव गांव के रहने वाले अर्जुन सिंह, रमेश कुमार, प्रदीप कुमार, सुनीता देवी, रंजना देवी, बुलबुल, गुड़िया देवी, रीता देवी आदि कई मजदूर पुरामुफ्ती इलाके के बेगम बाजार स्थित एक ईंट भट्ठे में पथाई का काम करते हैं। इन मजदूरों की मानें तो भट्ठा मालिक खुराकी के अलावा कई महीने से उन्हें दिहाड़ी नहीं दे रहा है। इससे भट्ठा मालिक पर एक-एक मजदूर की करीब 22-22 हजार रुपये दिहाड़ी बकाया है। बुधवार को इन मजदूरों ने भट्ठा मालिक और मुंशी से मिलकर मजदूरी का हिसाब करने को कहा। वहीं कई मजदूरों ने फसलों की कटाई, मड़ाई के लिए मजदूरी की मांग की। आरोप है कि दिहाड़ी मांगने पर भट्ठा संचालक मालिक भड़क गए। उन्होंने किसी भी मजदूर को दिहाड़ी देने से इंकार कर दिया। जब मजदूर दिहाड़ी लेने की जिद करने लगे, तो भड़के भट्ठा संचालक और मुंशी ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर मजदूरों को पीटना शुरू कर दिया। इससे भट्ठे में अफरातफरी मच गई। पिटाई से बचने के लिए मजदूर चीखते-चिल्लाते भागे। मजदूरों के भागने पर भट्ठा मालिक और मुंशी ने दुबारा दिहाड़ी मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पिटाई से घायल मजदूर भागकर पुरामुफ्ती थाने पहुंचे और भट्ठा मालिक और मुंशी के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद सभी मजदूर सीधे चायल तहसील पहुंचे और घटना की शिकायत एसडीएम और सीओ से की। क्षेत्राधिकारी चायल ने एसओ पुरामुफ्ती को घटना की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है। उधर भट्ठा संचालक और मुंशी की पिटाई से मजदूर सहमे हैं।