सोमवार को जिले भर में चलाए गए अभियान के तहत बिजली विभाग के जिम्मेदारों ने लाखों के बकाए पर सैकड़ों उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए। इस दौरान बगैर भुगतान किए कटा कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपभोग करने वाले कई उपभोक्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। विद्युत टीम की सघन छापेमारी से बकाएदारों में हड़कंप है।
एक्सईएन प्रभाकर पांडेय के निर्देश पर एसडीएम मनौरी, मंझनपुर और सिराथू के नेतृत्व में जिले भर में बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। सुबह दस बजे से अजुहा, भरवारी, सरायअकिल, करारी, मंझनपुर, मनौरी और सिराथू में दिनभर अभियान चला। इस दौरान संबंधित जेई ने 56 लाख के बकाए पर 55 नलकूप, 75 घरेलू, 65 मोबाइल टावर, 12 बैंक, 06 पेट्रोल पंप और 25 दुकानों सहित 237 कनेक्शन विच्छेदित कर दिया।
चेतावनी दी कि अगले दिन आयोजित कैंप में बकाए का भुगतान कर दें। इस दौरान विद्युत टीम ने 35 उपभोक्ताओं को बकाया अदा किए बगैर बिजली का उपभोग करते पकड़ा। इनके खिलाफ संबंधित टीम ने 138-बी के तहत संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दिया। टीम की छापेमारी से जिले भर के बकाएदारों में हड़कंप है। एक्सईएन ने बकाएदारों से विभाग की रकम का आयोजित होने वाले कैपों में भुगतान का आह्वान किया है। चेतावनी दी गई है कि बगैर बकाया जमा किए काटे गए कनेक्शन जुड़े मिले तो संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ 138 बी के तहत रिपोर्ट दर्ज कराते हुए धनराशि की वसूली की जाएगी।
मेगा कैंप में 26 लाख बकाया की हुई वसूली
जिले के तीन उपकेंद्रों में मेगा कैंप लगाकार बिजली विभाग ने बकाएदारों से 26 लाख रुपये की वसूली की। इस दौरान 95 उपभोक्ताओं के बिल में हुई गड़बड़ी को संशोधित किया गया। इस दौरान तीनों उपकेंद्रों में बकाया जमा करने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ दिनभर लगी रही।