गुरुवार को सदर कोतवाली के समदा स्थित एक निर्माणाधीन कोल्ड स्टोर की बीम ढह गई। इससे तीन मजदूर 100 फिट ऊपर से नीचे गिर गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो की हालत नाजुक बनी है। घायलों का जिला अस्पताल एसआरएन (इलाहाबाद) रेफर किया गया है।
भरवारी कस्बे के पूर्व चेयरमैन कैलाश केशरवानी समदा में जय मां शारदा कोल्ड स्टोर का निर्माण करवा रहे हैं। तकरीबन छह महीने से कोल्ड स्टोर का निर्माण चल रहा है। निर्माण में 70 मजदूर लगे हुए हैं। स्टोर में दस चैंबर बनकर तैयार हो गए हैं। बुधवार की शाम को सबसे ऊपरी मंजिल में बीम ढाली गई थी। गुरुवार की सुबह मिस्त्री ने बीम में नया निर्माण चालू करवा दिया। सुबह करीब 11 बजे तीन मजदूर बीम में ईट रख रहे थे। बीम ताजी होने के कारण भरभराकर ढह गई।
बीम ढहने से सदर कोतवाली के अल्लीपुर निवासी जियालाल रैदास (40) पुत्र संभर, रामपुर बसोहरा के सुरेश कुमार पटेल (30) पुत्र रामदास व कोखराज थाने के रामपुर सुहेला निवासी सुरेश कुमार सरोज (20) पुत्र भजन लाल लगभग सौ फिट ऊपर स्थित दसवें चैंबर से नीचे गिर गए। चीख-पुकार सुन मौके पर मजदूरों की भीड़ जुट गई। सिर पर चोट लगने के कारण जियालाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया।
घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसआरएन रेफर कर दिया। मौत की खबर परिजनों को हुई तो वह रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। निर्माणाधीन कोल्ड स्टोर में काम करने वाले मजदूरों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए काम करने से मना कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कैलाश चंद्र केशरवानी का कहना है कि उन्होंने पूरा काम ठेके पर दे रखा है। उन्हें छोटे भाई ने बताया कि चहली टूटने से हादसा हुआ है। घटना से उन्हें बहुत दुख है।